नवांशहर में राजस्थान से घूमने आए पर्यटकों को लुटेरों ने घेर लिया और गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। लुटेरों ने हथियार दिखाकर 3 दोस्तों से नकदी और कीमती सामान छीन लिया। बंगा सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जौहरी बाजार जयपुर (राजस्थान) निवासी विशाल अग्रवाल ने बताया कि 30 दिसंबर को वह, उनका दोस्त प्रह्लाद सिंह शेखावत और रिश्तेदार दिनेश मनाली में घूमने गए थे। वहां 2 दिन रुकने के बाद वहां से 2 जनवरी को शाम 8 बजे गोल्डन टैंपल अमृतसर के लिए नि॑कले थे। जब वह एनएच-344ए पर नवांशहर-बंगा रोड पर 7 किमी आगे राज पैलेस के पास पहुंचे तो उन्हें नींद आने लगी। उन्होंने गाड़ी (आरजे-14-क्यूसी-0300) साइड पर लगा दी और आराम करने लगे। बाद में करीब 3:30 बजे अचानक 3 युवकों ने गाड़ी के शीशे तोेड़ दिए, जिनमें से एक पास दातर, किरपान और कुल्हाड़ी थी। आरोपियों ने गले में से सोने की चेन, ब्रेसलेट और 23 हजार रुपए छीन लिए। प्रह्लाद शेखावत से दूसरे लड़के ने फोन और 18 हजार रुपए निकाल लिए, जबकि दिनेश लोडा से 7 हजार रुपए छीन लिए और बाइक (पीबी-78-ए-9296) से भाग गए।


