भास्कर न्यूज | अमृतसर पिछले लंबे अरसे से बीआरटीएस रूट पर बसें चलने से शहर वासियों को भारी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा था। शुक्रवार को बैठक के बाद बस रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम के सीईओ और नगर निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने बताया कि पहले 6 दिसंबर को बीआरटीएस के 201 नंबर रूट पर 6 बसे चलाई गई थीं और दो बसें स्पेयर रखी हुई थीं। अगर 6 बसों में से किसी बस पर मामूली सी भी खराबी आ जाए, तो उस बस को बदल दिया जाता है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बीआरटीएस रूट पर बसों को चलाने के लिए चंडीगढ़ में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय मीटिंग हुई। उन्होंने बताया कि इस वक्त बीआरटीएस रोड पर चलने के लिए 93 बसें मौजूद हैं। बीआरटीएस रोड पर चलने वाली लगभग 60 बसे तैयार हैं। 6 जनवरी के बाद बीआरटीएस रूट पर सभी 60 बसें चलनी शुरु हो जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार से मंजूरी मिल गई है। नगर निगम के कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने बताया कि बीआरटीएस के डिपो पर 33 बसों में अधिक खराबी होने के कारण उन बसों को भी ठीक करवाया जा रहा है। आने वाले दिनों में बीआरटीएस रोड पर सभी 93 बसे पूरी तरह से दौड़नी शुरू हो जाएगी। इससे अमृतसर की जनता को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहां कि फिलहाल जब तक सभी बस सड़क पर नहीं उतरते तब तक फ्री सेवा जारी रहेगी।


