बलौदाबाजार में नशा उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। बुधवार को भाटापारा के महारानी चौक पर जिले के दूसरे नशा मुक्ति केंद्र का उद्घाटन हुआ। कलेक्टर दीपक सोनी और पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सविता अनंत, नगर पालिका सभापति कुंज राम कोसले और एसडीएम श्यामा पटेल सहित कई अधिकारी, स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण किया और संचालक ममता शर्मा से उपलब्ध सुविधाओं व क्षमता की जानकारी ली। नशे से दूर रहने की सलाह अतिथियों ने केंद्र में भर्ती युवाओं से बातचीत की और उन्हें नशे से दूर रहकर बेहतर जीवन जीने की सलाह दी। उन्होंने केंद्र में योगाभ्यास शुरू करने, युवाओं के पुनर्वास के लिए प्रशिक्षण तथा रोजगार उपलब्ध कराने के सुझाव भी दिए। निशुल्क उपचार की व्यवस्था यह नशा मुक्ति केंद्र समाज कल्याण विभाग की ओर से संगी मितान सेवा संस्थान के माध्यम से संचालित किया जाएगा। केंद्र में 15 लोगों के ठहरने और निशुल्क उपचार की व्यवस्था है। यहां भर्ती होने वाले लोगों को नियमित उपचार और काउंसलिंग की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में 10 युवकों ने केंद्र में भर्ती कराई है। केंद्र में एक ध्यान कक्ष, भोजन कक्ष, पुस्तकालय, चार शयन कक्ष और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की गई हैं। ये सुविधाएं लोगों को नशा मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ने में सहायता करेंगी।


