भास्कर न्यूज | लुधियाना डिप्टी कमिश्नर जतिंदर जोरवाल ने विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा कर अधिकारियों से पूर्ण कार्यों के लिए यूटीलाइजेशन सर्टिफिकेट जमा करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को बचत भवन में डीसी जतिंदर जोरवाल ने एसडीएम, ईओ, बीडीपीओ और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रही और पूरी हो चुकी विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। डीसी जतिंदर जोरवाल ने विभिन्न विकास कार्य जिनके लिए निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समुदाय को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करना आवश्यक है। एडीसी (विकास) अमरजीत बैंस व डीसी जोरवाल ने ग्रामीण स्कूलों में पुस्तकालयों, किचन गार्डन, तालाब की सफाई, एमपीएलएडी के तहत परियोजनाओं आदि सहित चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग को प्राथमिकता देने और परियोजना को समय पर पूरा करने को सुनिश्चित करने की बात कही। वे इन कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा करेंगे व अधिकारी द्वारा किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जायेगी।


