गुरु नानक स्टेडियम में इंडोर बास्केटबॉल हॉल 2 साल से अधूरा, फरवरी में पूरा होने की उम्मीद

भास्कर न्यूज|लुधियाना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत गुरु नानक स्टेडियम में बास्केटबॉल मैदान को इंडोर हाल में तब्दील किया जा रहा है, लेकिन काम में देरी की वजह से बजट में वृद्धि की संभावना है। लुधियाना के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर में विभिन्न स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार का काम 2023 में शुरू हुआ था, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस पहल के तहत गुरु नानक स्टेडियम में ओपन बास्केटबॉल मैदान को इंटरनेशनल स्तर के इंडोर बास्केटबॉल हाल में बदला जा रहा है। इस परियोजना के लिए पहले 6 महीने का समय दिया गया था और लगभग 6.75 करोड़ रुपए खर्च होने थे, लेकिन अक्टूबर में बजट बढ़ाकर 11.26 करोड़ रुपए कर दिया गया था। अब, काम में देरी के कारण यह अनुमान जताया जा रहा है कि इस योजना का बजट और बढ़ सकता है। कंपनी द्वारा ओपन बास्केटबॉल हाल को इंडोर बनाने के लिए 30 दिसंबर तक काम पूरा करने की योजना थी, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया। पंजाब बास्केटबॉल एसोसिएशन के जनरल सचिव तेजा सिंह धालीवाल ने बताया कि काम फरवरी 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए जल्द से जल्द यह मैदान तैयार होना चाहिए और इसके लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अधिकारियों से आग्रह भी किया गया है। तेजा सिंह धालीवाल ने यह भी बताया कि बास्केटबॉल हॉल में खिलाड़ियों के लिए कमरे, चेंजिंग रूम और अटैच बाथरूम भी बनाए जाएंगे। हालांकि, फिलहाल खिलाड़ियों को प्रैक्टिस के दौरान परेशानी हो रही है क्योंकि सभी खिलाड़ी एक ही हॉल में प्रैक्टिस नहीं कर सकते, जबकि पहले ओपन मैदान में टीमों को प्रैक्टिस करने में कोई समस्या नहीं थी। जून 2023 में एमपी रवनीत सिंह बिट्टू ने बास्केटबॉल मैदान पर हो रहे काम का जायजा लिया था। उन्होंने कार्यों को जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए थे और कहा था कि काम में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यह खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ मुद्दा है। हालांकि, 2024 के अंत तक भी काम पूरा नहीं हो पाया है और 2025 शुरू हो गया अभी तक काम जल्द पूरा होने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। इससे खिलाड़ी काफी निराश हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *