फलोदी में यातायात पुलिस का अभियान:दो दर्जन से अधिक वाहनों के चालान काटे, ट्रैफिक नियमों की दी जानकारी

फलोदी यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए जा रहे हैं। गुरुवार सुबह से व्यास सर्किल मलार रोड पर वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें दोपहर 12 बजे तक दो दर्जन से अधिक वाहनों के चालान किए गए। यातायात पुलिस प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान वाहनों के कागजात और नंबर प्लेट की जांच की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक कागजात साथ रखें और जांच के दौरान मांगे जाने पर प्रस्तुत करें। शहर के विभिन्न सड़क मार्गों पर यातायात का भारी दबाव रहता है, जिससे अक्सर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यास सर्किल भी ऐसे ही प्रमुख स्थानों में से एक है, जहां से मलार रोड, रेलवे स्टेशन, कचहरी रोड और जवाहर प्याऊ की ओर जाने वाली सड़कें निकलती हैं। इस सर्किल पर दोपहिया वाहनों के अलावा कार, टैंपो और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भी बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है। यातायात के अत्यधिक दबाव के कारण कई बार यहां जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के बीच विवाद भी हो जाते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *