शाजापुर में कक्षा 12वीं की एक छात्रा पर उसकी सहपाठी के माता-पिता ने हमला कर दिया। घटना बुधवार शाम को बालवीर मंदिर चौराहे पर हुई, जब छात्रा अपनी सहेलियों के साथ कोचिंग क्लासेस से घर लौट रही थी। आरोप है कि सहपाठी के माता-पिता ने छात्रा के साथ गाली-गलौज की, उसे धक्का दिया और उसका गला दबाने की कोशिश की। कोतवाली थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा बुधवार को वजीरपुरा स्थित अपनी कोचिंग से दो सहेलियों के साथ लौट रही थी। शाम करीब 5 बजे बालवीर हनुमान मंदिर चौराहे पर उसकी सहपाठी अपने पिता तनवीर कुरैशी और मां कहकशां कुरैशी के साथ मिली। पैरेंट्स ने छात्रा को रोककर मारपीट की सहपाठी ने तो कुछ नहीं कहा, लेकिन उसके पिता ने छात्रा का रास्ता रोका। उन्होंने छात्रा को यह कहते हुए गालियां दीं कि वह बहुत तेज चलती है और उनकी बेटी की बात नहीं मानती। जब छात्रा ने गाली देने से मना किया, तो पिता ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद, सहपाठी की मां ने छात्रा का गला पकड़ लिया। छात्रा की सहेलियों ने उसे उठाया और घर लेकर गई। घर पहुंचकर छात्रा ने अपने पिता को पूरी घटना बताई। पिता के साथ छात्रा ने कोतवाली थाने में आकर सहपाठी के माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कराया। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


