धार के टीवीएस चौराहा स्थित फैशन अड्डा के सामने बुधवार शाम एक बाइक चोरी हो गई। वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लबरावदा निवासी श्रवण डावर ने बताया कि वे कार्यालय संबंधी काम से फैशन अड्डा पहुंचे थे और अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक नीचे पार्किंग में खड़ी की थी। जब वे कार्यालय से नीचे आए, तो बाइक गायब मिली। श्रवण जन प्रशिक्षण का काम करते हैं। सीसीटीवी में कैद हुआ चोरी का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि अज्ञात बदमाश पहले आसपास की गतिविधियों का जायजा लेता है और कुछ ही देर में बाइक चोरी कर फरार हो जाता है। इसके बाद श्रवण डावर ने तुरंत कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। शहर में हाल के महीनों में दर्जनों बाइक चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन पुलिस अभी तक किसी बड़े गिरोह या मुख्य आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि निगरानी, सीसीटीवी नेटवर्क और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, ताकि बाइक चोरों पर नियंत्रण रखा जा सके।


