डिंडौरी के अमरपुर कस्बे में गुरुवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। यह बंद संदीपनी स्कूल के शिक्षक प्रशांत साहू की गिरफ्तारी और प्राचार्य प्रदीप सुरीन को पद से हटाने की मांग को लेकर किया गया। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और एसपी वाहिनी सिंह के नाम एक ज्ञापन एएसआई राम रतन झारिया को सौंपा। छात्राओं को अश्लील मैसेज भेजने के मामले में कार्रवाई की मांग व्यापारी संघ के उपाध्यक्ष राम कृष्ण यादव ने बताया कि शिक्षक प्रशांत साहू छात्राओं को उनके व्यक्तिगत नंबरों पर अश्लील मैसेज भेजते थे। प्राचार्य प्रदीप सुरीन को इस बारे में शिकायत की गई थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। यादव ने कहा कि अगर प्राचार्य समय रहते कार्रवाई करते तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।। शिक्षक को गिरफ्तार करने, प्राचार्य को हटाने की मांग व्यापारियों ने मांग की है कि पुलिस आरोपी शिक्षक को तुरंत गिरफ्तार करे और जिला प्रशासन प्राचार्य को सात दिन के अंदर स्कूल से हटाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अगले बुधवार को चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। सहायक आयुक्त ने आरोपी शिक्षक को किया निलंबित यह मामला तब सामने आया जब 24 नवंबर को संदीपनी विद्यालय की कुछ छात्राओं ने डिंडोरी स्थित एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद सहायक आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक प्रशांत साहू को निलंबित कर दिया था। सिटी कोतवाली पुलिस ने भी इस संबंध में एफआईआर दर्ज की है


