बिलासपुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़े:जमकर हुई धक्का-मुक्की, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल

बिलासपुर में गुरुवार को कांग्रेस ने खराब सड़कों, बढ़े हुए बिजली बिल, धान खरीदी में अव्यवस्था, छोटे भू-खण्डों की रजिस्ट्री में रोक और गरीबों की झोपड़ियों पर कार्रवाई के विरोध में सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में नेहरू चौक से कलेक्टर कार्यालय की ओर मार्च निकालते हुए पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भाजपा सरकार के दौरान जनता कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है और इन्हीं मुद्दों को लेकर उन्होंने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर रखी थी। कलेक्टोरेट परिसर के पास पहुंचते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जोरदार धक्का-मुक्की हुई, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वज्र वाहन और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछारों के बावजूद प्रदर्शनकारी कुछ समय तक डटे रहे, जिसके चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाद में पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, पुलिस तैनात रहकर पूरे इलाके में शांति बनाए रखने की कोशिश कर रही है। CSP सिविल लाइन निमितेश सिंह ने बताया कि कांग्रेस पार्टी अलग-अलग मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रही थी और उनकी योजना कलेक्टोरेट तक जाने की थी। इसे देखते हुए पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग लगाकर पर्याप्त बल तैनात कर दिया था, ताकि भीड़ को आगे बढ़ने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को देखते हुए पहले ही पूरी प्लानिंग कर ली गई थी। इस रूट पर आने-जाने वाले वाहनों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया गया था, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। पुलिस ने कोशिश की कि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और ट्रैफिक सुचारू बना रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *