भरतपुर पुलिस लाइन में वर्ष 2022-23 के लिए कॉन्स्टेबल से हेड कॉन्स्टेबल पदोन्नति हेतु आउटडोर परीक्षा बुधवार को आयोजित की गई। धौलपुर जिले के 28 पदों के लिए कुल 73 कांस्टेबल इस परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा पूर्ण होने के बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके उपरांत देर रात तक परिणाम जारी होने की संभावना है। बल शाखा प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि धौलपुर जिले में हेड कॉन्स्टेबल के कुल 28 पदों पर पदोन्नति की जाएगी। इनमें 25 पद सामान्य वर्ग, दो पद अनुसूचित जाति (SC) और एक पद अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं। पदोन्नति प्रक्रिया के तहत 22 नवंबर को कन्या महाविद्यालय में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 103 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए थे। बल शाखा के वरिष्ठ सहायक राहुल कंसाना ने बताया कि आउटडोर परीक्षा आईजी कैलाश बिश्नोई और एसपी विकास सांगवान की देखरेख में सम्पन्न हुई। परीक्षा में 73 कॉन्स्टेबल उपस्थित रहे, जबकि 30 कॉन्स्टेबल अनुपस्थित रहे। कंसाना ने बताया कि आउटडोर परीक्षा के बाद साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद देर रात तक पदोन्नति सूची जारी कर दी जाएगी। पदोन्नति की सूची जारी होने के बाद चयनित कांस्टेबलों को हेड कॉन्स्टेबल के पदभार सौंपा जाएगा, जिससे जिले की पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है।


