अशोकनगर में निर्भया मोबाइल सेवा फिर शुरू:महिला सुरक्षा के लिए स्कूल, कोचिंग सेंटर पर निगरानी, हेल्पलाइन नंबर जारी

अशोकनगर में लंबे समय से बंद पड़ी निर्भया मोबाइल सेवा गुरुवार को फिर से शुरू हो गई। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने एसपी कार्यालय से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य महिला अपराधों पर प्रभावी रोकथाम और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। निर्भया मोबाइल में चार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जिनमें दो महिला और दो पुरुष शामिल हैं। यह मोबाइल यूनिट शहर के कोचिंग सेंटर, स्कूल और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रखेगी। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7587619200 भी जारी किया गया है, जिस पर कॉल करने पर निर्भया मोबाइल मौके पर पहुंचकर मदद करेगी। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि निर्भया पुलिस मोबाइल स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर जैसे संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर सुरक्षा का माहौल बनाएगी। महिला संबंधी शिकायतें मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। एक विशेष सुविधा के तहत, रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक अकेली महिलाओं या बालिकाओं की जानकारी मिलने पर निर्भया मोबाइल उन्हें उनके घर तक पहुंचाएगी। इस सेवा के लिए रात्रि में भी महिला कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है। अकेली महिलाएं/बालिकाएं पुलिस कंट्रोल रूम (संपर्क नं. 7587619200) पर सूचना देकर इस सुविधा का लाभ उठा सकती हैं। निर्भया मोबाइल टीम में एक उप निरीक्षक, दो महिला आरक्षक और दो पुरुष आरक्षक शामिल हैं, जो इस ड्यूटी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे। इसका समन्वय महिला सुरक्षा शाखा, अशोकनगर द्वारा किया जाएगा। इस दौरान कोतवाली, यातायात, देहात, आरआई सहित कई थानों के थाना प्रभारी और पुलिस जवान मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *