अशोकनगर शहर में ‘मुस्कान रैली’ का आयोजन किया गया। विदिशा रोड स्थित तारा सदन स्कूल से शुरू हुई इस रैली में स्कूली बच्चों के साथ पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। रैली तारा सदन स्कूल के सामने से एचडीएफसी चौराहा होते हुए संजय स्टेडियम पहुंची, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। संजय स्टेडियम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और विषय विशेषज्ञों ने बालक-बालिकाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्हें गुड टच-बैड टच, बाल शोषण की रोकथाम, मानव तस्करी से बचाव, किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों के बारे में सरल व प्रभावी तरीके से जागरूक किया गया। बच्चों को यह भी भरोसा दिलाया गया कि किसी भी प्रकार की घटना, उत्पीड़न या खतरे की स्थिति में पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है। इस कार्यक्रम में एसडीओपी विवेक शर्मा, रक्षित निरीक्षक शिवमंगल सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली रवि प्रताप सिंह चौहान, थाना प्रभारी यातायात स्नेहा ठाकुर, थाना प्रभारी महिला ओमप्रकाश मिश्रा, निरीक्षक नरेंद्र त्रिपाठी, निरीक्षक हुकुम सिंह मीना, थाना प्रभारी अजाक बृजमोहन रावत और निरीक्षक रितु चौहान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। तारा सदन स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय और शिवपुरी पब्लिक स्कूल के 700 से अधिक विद्यार्थी भी उपस्थित थे। जिला मुख्यालय के अलावा, अनुभाग मुंगावली और चंदेरी स्तर पर भी ‘मुस्कान रैली’ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि ‘मुस्कान अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता बढ़ाना नहीं, बल्कि बच्चों के लिए एक सुरक्षित, सकारात्मक और निडर वातावरण का निर्माण करना है।’ उन्होंने आगे कहा कि अशोकनगर पुलिस हर बच्चे की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानती है और समाज के सहयोग से बाल सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।


