खरगोन जिले के खल बुजुर्ग स्थित नर्मदा ब्रिज से छलांग लगाने वाले युवक का शव गुरुवार सुबह बरामद किया गया। एसडीआरएफ की टीम लगभग 60 घंटे से उसकी तलाश कर रही थी। सोमवार सुबह ड्रोन की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया था। बुधवार और गुरुवार की देर रात तक गोताखोर और पुलिस लगातार नदी में युवक की तलाश में जुटे रहे। सैनिक दिनेश वर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान परिजनों ने कर ली है। 28 वर्षीय रवि पिता मुन्नालाल सोमवार शाम करीब 4 बजे अपनी बाइक ब्रिज पर खड़ी कर नर्मदा नदी में कूद गया था। ब्रिज से बाइक और बैग बरामद हुआ था पुलिस ने ब्रिज से रवि की बाइक (एमपी10एनजी 6538) और एक बैग बरामद किया था। युवक के कूदने के बाद से ही गोताखोरों की मदद से तलाश जारी थी। शव घटना स्थल से लगभग 1 किलोमीटर दूर मिला। पानी से बाहर निकालने के बाद शव को कसरावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रवि समूह ऋण का कामकाज करता था। खलटांका पुलिस चौकी पर मर्ग कायम किया गया है। परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।


