महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा – 2025 की तैयारी शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय में मुख्य परीक्षा -2025 सहित सेमेस्टर दिसंबर – 2024 परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने का नोटिफिकेशन शुक्रवार को जारी कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। संभाग के 482 कॉलेज में पढ़ने वाले यूजी – पीजी के करीब चार लाख अभ्यर्थी 8 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सामान्य शुल्क में 17 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। 100 रुपए विलंब शुल्क के साथ अभ्यर्थी 18 जनवरी से 24 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे। द्वितीय चरण में बीएड, एमएड, बीए-बीएड, बीएससी – बीएड, बीपीएड सहित अन्य कक्षाओं के अभ्यर्थी 15 जनवरी से 24 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे। द्वितीय चरण के ऑनलाइन आवेदन के तहत 100 रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन का मौका 25 जनवरी से 31 जनवरी तक रहेगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। विश्वविद्यालय में स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद परीक्षार्थियों को 5 दिन के अंदर संबंधित महाविद्यालय अथवा परीक्षा केंद्र पर आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करानी होगी। अपार आईडी के बिना नहीं होंगे आवेदन : विश्वविद्यालय ने परीक्षा वर्ष – 2024 से आवेदन फॉर्म में अपार आईडी को अनिवार्य कर दिया है। पहली बार परीक्षा फॉर्म भर रहे अभ्यर्थी बिना अपार आईडी के ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाएंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन भरने से पहले अपार (एबीसी) आईडी बनाना जरूरी होगा।


