नर्मदापुरम के मालाखेड़ी रोड स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में गुरुवार शाम एक गर्भवती नवविवाहिता तीसरी मंजिल के कमरे में फांसी पर लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला 9वें महीने की गर्भवती थी और 1 दिसंबर डिलीवरी डेट बताई गई थी। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए और घर में तोड़फोड़ भी की। सास मधु मलैया के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे वे मोहल्ले की महिलाओं के साथ घूमने गई थीं। उनके पति संगीत क्लास के लिए बाहर थे। घर पर बहू पूजा मलैया अकेली थी। मधु ने बताया कि शाम 6.30 बजे जब मैं लौटी और लाइट चालू करने ऊपर गई तो बहू को फंदे पर लटका देखा। मैंने बेटे और पति को कॉल कर बुलाया। फिर बहू को उतारकर अस्पताल ले गए। मायके पक्ष का आरोप- शादी के बाद से प्रताड़ना मृतका के जीजा देवेंद्र कश्यप ने बताया कि पूजा के पति पुरुषोत्तम मलैया उज्जैन में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। पहले वे बुदनी की ट्राइडेंट कंपनी में काम करते थे। उन्होंने कहा कि गुरुवार शाम 7 बजे सूचना मिली कि पूजा की तबियत खराब है। अस्पताल पहुंचे तो उसे मृत बताया गया। तीन साल पहले पूजा की शादी हुई थी। शादी के बाद से परेशान किया जा रहा था। पूजा के माता-पिता ने एक जमीन बेची थी, तभी से ससुराल पक्ष चार व्हीलर की मांग को लेकर प्रताड़ना देता था। 9वां महीना था, 1 दिसंबर थी डिलीवरी डेट परिवार के अनुसार महिला का 9वां महीना चल रहा था और 1 दिसंबर को डिलीवरी की तारीख थी। सास मधु मलैया ने बताया कि पूजा घर पर अकेली थी। उन्होंने यह भी बताया कि पूजा का पति चार दिन पहले ही उज्जैन से नर्मदापुरम आया था, लेकिन पत्नी से मिलकर वापस नहीं गया।
मायके वालों ने घर में की तोड़फोड़ सास मधु मलैया ने बताया कि अस्पताल जाने के बाद घर पर वे अकेली थीं। रात करीब 8 बजे मायके पक्ष के लोग पहुंचे और घर में तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि एलईडी टीवी फेंकी, खिड़की के कांच फोड़ दिए और अन्य सामान भी फेंका। स्थिति गंभीर होने पर कोतवाली थाना पुलिस ने घर पर दो सुरक्षा जवान तैनात किए। RMO बोला- अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत थी महिला आरएमओ डॉ. गजेंद्र यादव ने बताया कि महिला को परिजन शाम करीब 6 बजे इमरजेंसी वार्ड में लेकर आए थे। डॉक्टरों ने जांच की तो वह पहले ही मृत थी। उन्होंने कहा कि शव को मर्चुरी में रखवाया गया है और शुक्रवार को दो डॉक्टरों की टीम पोस्टमॉर्टम करेगी। इसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फांसी की संभावना, कमरे को सील किया गया कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी का लग रहा है। कमरे को सील कर दिया गया है और एफएसएल अधिकारी को बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद तय होगा।


