बालाघाट कोतवाली पुलिस ने नगरीय क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी करने वाले शातिर चोर रेहान उर्फ ‘लोमड़ी’ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया लगभग एक लाख रुपए का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में 20 हजार 500 रुपए नकद, सोने के दो मंगलसूत्र के पैंडल, सोने की तीन मनी, सोने की लौंग के टुकड़े, चांदी की तीन अंगूठियां, एक चांदी की पायल और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। सीएसपी वैशाली सिंह कराहलिया ने बताया कि आरोपी रेहान खान उर्फ ‘लोमड़ी’ पर पहले से 10 चोरी के अपराध दर्ज हैं, जिनमें से 9 कोतवाली और 1 बिरसा थाने में दर्ज है। आरोपी सूने घरों की रेकी कर रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी ने अपने सभी चोरी को कबूल किया दरअसल, थाना कोतवाली क्षेत्र के सरस्वती नगर, रजा नगर और भटेरा चौकी क्षेत्र में सूने घरों में हुई चोरियों के दर्ज मामलों की जांच के दौरान पुलिस टीम को सीसीटीवी फुटेज में रात के अंधेरे में रेहान खान जैसा एक शख्स नजर आया। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी रेहान खान उर्फ ‘लोमड़ी’ ने सभी वारदातों को अंजाम देना कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मटन मार्केट निवासी आरोपी रेहान खान उर्फ ‘लोमड़ी’ पिता आबिद खान (19) को विधिवत गिरफ्तार किया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरी. कामेश कुमार धूमकेती, थाना प्रभारी नवेगांव उनि. अमित अग्रवाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


