झुंझुनूं जिले के कुमावास खीचड़ान निवासी हैप्पी खीचड़ ने क्रिकेट जगत में एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। अपनी शानदार तेज गेंदबाजी के दम पर, उन्हें बहुप्रतीक्षित वूमेंस प्रीमियम लीग (WPL) में खेलने का मौका मिला है। गुरुवार देर शाम हुए ऑक्शन में, गुजरात की फ्रेंचाइजी गुजरात जॉइंट्स ने इस होनहार खिलाड़ी को 10 लाख के अनुबंध मूल्य पर अपनी टीम में शामिल किया है। 9 जनवरी से शुरू होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हैप्पी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। हैप्पी खीचड़, राजेश खीचड़ की बेटी हैं, और वर्तमान में वह राजस्थान अंडर-19 टीम की कप्तान हैं। वह एक दाएं हाथ की बल्लेबाज (RHB) और दाएं हाथ की तेज गेंदबाज (Right-arm fast) हैं।हैप्पी की इस बड़ी सफलता पर उनके परिवार, कोच और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। कोच अजय कुमार के अलावा, उनके पिता राजेश खीचड़ और दादा मेजर जयराम सिंह समेत अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी है। हैप्पी खीचड़ ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की लड़कियां भी बड़े सपने देख सकती हैं। अब सभी को वूमेंस प्रीमियम लीग में उनकी तेज गेंदबाजी का हुनर देखने का बेसब्री से इंतजार है। चार बड़ी टीमों ने किया था ट्रायल के लिए आमंत्रित ऑक्शन से पहले ही हैप्पी की प्रतिभा पर देश की बड़ी फ्रेंचाइजियों की नजर थी। उनके कोच अजय कुमार ने बताया कि वूमेंस प्रीमियम लीग की पांच टीमों में से चार टीमों ने उन्हें ट्रायल के लिए आमंत्रित किया था। ट्रायल के लिए आमंत्रित टीमें * दिल्ली कैपिटल्स * यूपी वॉरियर्स * गुजरात जॉइंट्स * मुंबई इंडियंस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान हैप्पी खीचड़ पहले ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। वह एशिया कप अंडर-19 स्क्वॉड में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं, जिसके लिए उन्हें झुंझुनूं की पहली महिला क्रिकेटर के रूप में चयनित होने पर खुशी है। झुंझुनूं एकेडमी में कोच अजय कुमार के मार्गदर्शन में अपनी ट्रेनिंग शुरू करने वाली हैप्पी, बीसीसीआई की राजस्थान अंडर-19 क्रिकेट टीम की उप-कप्तान भी रह चुकी हैं।


