शाहजहांपुर में दोस्त को गोली मारी, बरेली रेफर:घर से बुलाकर ले गया था, पीठ में लगी गोली

शाहजहांपुर में एक दोस्त ने अपने दोस्त को गोली मार दी। गोली युवक की पीठ में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी दोस्त मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना थाना जलालाबाद क्षेत्र के नबीगंज गांव में रात करीब आठ बजे हुई। नबीगंज गांव का रहने वाला 18 वर्षीय रजत अपने घर पर था। इसी दौरान उसका एक दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गया। गांव से बाहर रोड पर पहुंचते ही दोस्त ने रजत की पीठ में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत परिवार को घटना की जानकारी दी।परिजन घायल रजत को तत्काल राजकीय कॉलेज अस्पताल ले गए। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरेली रेफर कर दिया गया। परिजन उसे बरेली ले गए। उसके बाद उन्होंने जलालाबाद पुलिस को घटना की सूचना दी।बताया जा रहा है कि रजत और उसके दोस्त के बीच पुराना विवाद चल रहा था, जो रात में और बढ़ गया था। थाना प्रभारी राजीव तोमर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और घायल को बरेली रेफर किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि गोली मारने वाला आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है और प्रकरण की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *