मऊ जंक्शन पर यार्ड डबलिंग के कार्य के कारण तमसा एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन संख्या 55102 को 18 दिसंबर तक रद्द कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यह जानकारी दी है। मऊ रेल विभाग के अनुसार, ट्रेन संख्या 65109/65110 तमसा AMH–BCY / BCY–AMH पैसेंजर को 28 नवंबर से 18 दिसंबर तक अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है। इसी अवधि के लिए 55102 पैसेंजर ट्रेन भी रद्द रहेगी। यह निर्णय मऊ जंक्शन पर चल रहे यार्ड डबलिंग कार्य और 18 दिसंबर को होने वाले सीआरएस (कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी) निरीक्षण के मद्देनजर लिया गया है। इन ट्रेनों के रद्द होने से अमहाटा, भटनी, बलिया और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ये ट्रेनें आजमगढ़ से चलेंगी रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक ट्रेन सेवाओं का उपयोग करने और यात्रा से पहले समय सारणी की जांच करने की अपील की है। कुछ अन्य ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 15025 मऊ-आनंद विहार और 15181 मऊ-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस 18 दिसंबर तक आजमगढ़ से संचालित होंगी। यह बदलाव भी मऊ यार्ड डबलिंग के कार्य के कारण किया गया है।


