गुना की कोतवाली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से जिला अस्पताल से चोरी की गई बाइक सहित कुल 11 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। कोतवाली पुलिस की टीम रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे भुल्लनपुरा रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बजाज CT-100 मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। डॉक्यूमेंट नहीं होने पर संदेह दोनों से वाहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उनके पास कोई कागजात नहीं थे। पूछताछ में वे गोलमोल जवाब देने लगे, जिससे पुलिस को शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम लाखन कुशवाह (35), निवासी नानाखेडी कॉलोनी और सोनू राठौर (31), निवासी पिपरौदाखुर्द बताया। उन्होंने कबूल किया कि जिस मोटरसाइकिल पर वे सवार थे, वह 7 नवंबर को जिला अस्पताल से चोरी की गई थी। 10 और बाइक की चोरी स्वीकारी आरोपियों ने गुना शहर के अलग-अलग इलाकों से 10 और मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सभी 11 चोरी की गई बाइकें बरामद कर लीं। SP अंकित सोनी के निर्देश, ASP मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और CSपी प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में कोतवाली टीम ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। थाना प्रभारी TI सीपीएस चौहान और उनकी टीम अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है।


