कपूरथला में बस स्टैंड पर PRTC और पनबस कच्चे कर्मचारी यूनियन के विरोध प्रदर्शन के दौरान तनाव बढ़ गया। यूनियन लीडर गुरप्रीत सिंह पन्नू ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी इस कोशिश को नाकाम कर दिया। कर्मचारी शुक्रवार की सुबह से किलोमीटर स्कीम के टेंडर का बायकॉट करते हुए बस स्टैंड पर प्रदर्शन कर रही है। यूनियन लीडर लगातार टेंडर रद्द करने की मांग कर रहे हैं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। डीएसपी बोले- अब स्थिति नियंत्रण में डीएसपी शीतल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने यह भी बताया कि हड़ताल के दौरान यूनियन नेताओं और पुलिस के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें किसी को चोट नहीं लगी। कपूरथला बस स्टैंड पर तीन थानों की पुलिस टीम, पीसीआर और ट्रैफिक कर्मियों सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कर्मचारियों के इस विरोध प्रदर्शन के कारण यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर बस स्टैंड पर फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस भी एहतियात के तौर पर तैनात की गई हैं।


