धौलपुर SP विकास सांगवान ने गुरुवार देर रात सैंपऊ पुलिस थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानाधिकारी और उपस्थित पुलिस स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और थाने की सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासनिक कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी सांगवान ने थाना परिसर में हवालात, अभिलेख, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष, मालखाना और विभिन्न शाखाओं की स्थिति का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिस कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। एसपी ने रात्रि गश्त में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय पेट्रोलिंग, संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और पेट्रोलिंग रूट्स को मजबूत करने के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही, एसपी सांगवान ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान थानाधिकारी सैंपऊ, पुलिस निरीक्षक प्रमेन्द्र रावत और पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।


