दतिया के शहरवासियों को शुक्रवार को एक बार फिर भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। सुबह से ही गांधी रोड पर स्थिति खराब होती चली गई। पीएनबी बैंक से लेकर टाउनहॉल क्षेत्र तक वाहन रेंग-रेंगकर चलते दिखाई दिए। सड़क पर बढ़ते दबाव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को समय पर अपने कार्यस्थलों और बाजार तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। गांधी रोड पर लगातार बढ़ते वाहन दबाव और सड़क के किनारे अनियमित पार्किंग जाम का मुख्य कारण है। इस मार्ग पर कुल चार बैंक हैं जिनमें से तीन में तो पार्किंग की सुविधा नहीं है। दुकानों के सामने खड़े वाहन सड़क को संकरा बना देते हैं, जिसके चलते थोड़ी सी भी भीड़ बढ़ते ही स्थिति बिगड़ने लगती है। आज भी यही हुआ और कुछ ही समय में पूरी सड़क जाम हो गई। उधर किला चौक पर भी हालात कम गंभीर नहीं रहे। यहां हाथ ठेलों, ई-रिक्शा और टैक्सियों ने ट्रैफिक व्यवस्था को चरमरा दिया। चौराहे पर खड़े ठेले और अनियमित रूप से खड़ी टैक्सियों के कारण मार्ग संकुचित हो गया, जिससे वाहनों को निकलने में परेशानी होती रही। जाम का एक कारण यह भी
वनवे मार्ग पर गोविंद गंज के पास सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। यहां ठेकेदारों के द्वारा रास्ता बंद कर दिया है। टैक्सी और दूसरे वाहन वनवे में आकर ढेंगुला वाली गली से होकर पीएनबी बैंक के रास्ते होकर गुजरे। उधर, पीएनबी बैंक के पास तीन ओर से आने वाले वाहन अचानक फंस गए और लंबा जाम लग गया। इस दौरान जाम खुलवाने के लिए यातायात पुलिस पूरी तरह से नदारद रही। शहर के लोगों ने डीआईजी से की थी शिकायत
हाल ही में चंबल संभाग के डीआईजी सुनील कुमार जैन दतिया पहुंचे थे। क्राइम बैठक करने के बाद वह शहर के बाजार में भी निकले। यहां उन्होंने दतिया के व्यापारियों से भी चर्चा की थी। व्यापारियों ने भी सबसे ज्यादा शहर में ट्रैफिक की समस्या बताई थी। टैक्सी वालों ने भी शहर में स्टैंड की समस्या के बारे में बताया था। लेकिन दो दिन बाद ही शहर में यातायात की स्थिति में सुधार की बजाय और बिगड़ गई।


