लातेहार के बरवाडीह थाना क्षेत्र के पुटुआगढ़ जंगल में सोमवार शाम एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। जांच में उसकी पहचान पलामू के हुटार निवासी चंदन भुइयां के रूप में हुई। पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर बरवाडीह एसडीपीओ भरत राम के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर हत्या में शामिल मोहन यादव (22), संदीप कुमार और एक नाबालिग को पकड़ा। तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मोहन यादव छितरा, पलामू का निवासी है, जबकि संदीप कुमार उलमान, हुटार, पलामू का रहने वाला है। गिरफ्तार मोहन यादव और संदीप कुमार को लातेहार न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पैसे न देने पर आरोपियों ने बेरहमी से पीटा एसडीपीओ भरत राम ने बताया कि मृतक चंदन भुइयां की बाइक की संदीप के पिकअप वाहन से हल्की टक्कर हो गई थी। इसी बात पर आरोपियों ने चंदन से जबरन पैसे मांगे। पैसे न देने पर आरोपियों ने उसे करमटाड़ ले जाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। मौत के बाद आरोपियों ने शव को वाहन से पुटुआगढ़ जंगल ले जाकर पेड़ से लटका दिया और फरार हो गए। इस घटना के विरोध में बुधवार सुबह पलामू के हुटार गांव के ग्रामीणों ने बरवाडीह-हुटार मार्ग को लगभग पांच घंटे तक जाम रखा। ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की थी। पुलिस के शीघ्र कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।


