चूरू के लोहिया कॉलेज में अव्यवस्थाओं और पेयजल समस्या को लेकर शुक्रवार को छात्रों ने छात्र शक्ति संगठन के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया। विरोध की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी कॉलेज परिसर पहुंची। छात्र नेता विशाल सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि कॉलेज में मीठे पानी की व्यवस्था नहीं है, जिससे छात्रों को खारा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। छात्रों ने इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग रखी। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज परिसर में साफ-सफाई की बेहद खराब व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई और नियमित सफाई कराने की मांग की।साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो छात्र नियमित रूप से कॉलेज में उपस्थित नहीं रहते, उन्हें हॉस्टल प्रवेश से रोका जाए, ताकि आवश्यकता रखने वाले छात्रों को आवास सुविधा मिल सके। विशाल सिंह ने कहा कि कॉलेज प्रशासन को इन समस्याओं के बारे में कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन मिला, कार्रवाई नहीं। लगभग 30 मिनट तक चला यह विरोध शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस दौरान निखिल, हिमांशु, राहुल, राजेंद्र, महताब, वीरेंद्र, रोहित और निखिल सहित कई छात्र मौजूद रहे।


