झालावाड़ में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने की। कलेक्टर ने बताया कि समिति के संयुक्त प्रयासों से जिले में पिछले माह सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि सड़क सुरक्षा अभियान के माध्यम से एक वर्ष में 100 से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके। बैठक में कलेक्टर राठौड़ ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने शराब की दुकानों के आस-पास बैठकर शराब पीने वालों और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश जारी किए।साथ ही मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों पर भी विशेष निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में पिछली बैठक में जारी निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा की गई और आगामी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई। राठौड़ ने जिले के ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) के आसपास एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि दुर्घटना होने पर सबसे कम समय में बचाव कार्य शुरू किया जा सके। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश चंद मीणा, जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन, एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


