रतलाम के बोधि इंटरनेशनल स्कूल की तीसरी मंजिल से आठवीं का एक छात्र कूद गया। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। दोपहर बाद इसके सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, इनमें छात्र गिरते हुए दिख रहा है। आसाराम बापू नगर में रहने वाले इस छात्र को स्कूल में मोबाइल फोन ले जाने के कारण स्टाफ ने देख लिया था। इसके बाद स्कूल मैनेजमेंट ने छात्र के पेरेंट्स को बुलाया था। बच्चे की मां पटवारी और पिता डॉक्टर हैं। जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल के कमरे में जब छात्र को इस बात पर समझाया जा रहा था, तभी वह भागकर तीसरी मंजिल पर चला गया और वहां से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया है। स्कूल और पुलिस प्रशासन इस मामले की आगे जांच कर रहा है। तीन तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम… दोनों पैर में फ्रैक्चर, सिर और चेहरे पर चोट
छात्र के मामा ने बताया कि हादसे में उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर आए हैं। सिर और चेहरे पर भी चोटें लगी हैं। घटना के बाद छात्र को पहले पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे 80 फीट रोड स्थित दूसरे निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। यहां उसकी एमआरआई सहित अन्य मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस और छात्र के पिता के परिचित डॉक्टर अस्पताल पहुंचे। मां बोलीं- स्केटिंग का खिलाड़ी है बेटा
छात्र की मां ने बताया कि वो स्केटिंग का खिलाड़ी है। सुबह उसके स्कूल से फोन आया था। इसके बाद उनके पति स्कूल गए। वह खुद ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रही थीं, तभी पति का फोन आया कि तुरंत अस्पताल आ जाओ। उन्होंने बताया कि स्कूल से पहली बार फोन आया था और उन्हें यह जानकारी नहीं मिली कि घटना कैसे हुई। घटना के समय उनके पति स्कूल में ही मौजूद थे। छात्र के पिता ने बताया कि बेटा लगातार स्कूल जा रहा था। जब वे स्कूल पहुंचे, तभी पता चला कि बच्चा बिल्डिंग से कूद गया है। इसके बाद स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और उनकी ही कार से छात्र को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, पिता अभी साफ नहीं बता पाए कि उन्हें किस कारण स्कूल बुलाया गया था। उनका कहना है कि अब वह स्कूल प्रबंधन से विस्तार से बात करेंगे। ये खबर भी पढ़ें…
स्कूल बिल्डिंग से कूदी छठी की छात्रा, हाथ-पैर फ्रैक्चर: भोपाल के कार्मल कॉन्वेंट में परीक्षा से पहले कूदी भोपाल में कार्मल कॉन्वेंट स्कूल की 6वीं की एक छात्रा ने स्कूल बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर से छलांग लगा दी। उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर आए हैं। कमर में भी चोट लगी है। घटना 5 सितंबर को सुबह 7.30 बजे हुई, जब वह परीक्षा देने स्कूल पहुंची। पुलिस का कहना है कि छात्रा सीसीटीवी फुटेज में छलांग लगाते नजर आ रही है। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे डर गए। पढ़ें पूरी खबर


