ज्योतिबा फुले प्रतिमा पर गंदगी देख कांग्रेसी आक्रोशित:उज्जैन में कार्यकर्ताओं ने धरना दिया, दूध-पानी से धोकर किया माल्यार्पण

महात्मा ज्योतिबा फुले की 135वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता आगर रोड स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे। वहां प्रतिमा स्थल पर गंदगी और ताला लगा देखकर वे आक्रोशित हो गए। कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया और बाद में दूध व पानी से प्रतिमा को साफ किया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि प्रतिमा स्थल के आसपास भारी गंदगी पसरी हुई थी। पार्क क्षेत्र में अतिक्रमण, टूटी शराब की बोतलें और मरे हुए चूहे पड़े थे। प्रतिमा की भी नियमित सफाई नहीं की जा रही थी, जिससे महापुरुष की प्रतिमा की दुर्दशा स्पष्ट दिख रही थी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने बताया कि नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण प्रतिमा स्थल की यह स्थिति थी। कांग्रेसजनों ने नगर निगम कमिश्नर को मौके पर बुलाने की मांग की और कहा कि जब तक कमिश्नर स्वयं आकर जवाब नहीं देते, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। धरने की सूचना मिलने पर नगर निगम के दो डिप्टी कमिश्नर सहित कई कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बाद में अपर आयुक्त संतोष टैगोर भी घटनास्थल पर पहुंचे और सफाई कराने का आश्वासन दिया। अपर आयुक्त के आश्वासन के बाद, लगभग एक घंटे तक चले धरने को समाप्त किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्योतिबा फुले की प्रतिमा को दूध और पानी से धोकर स्वच्छ किया और फिर माल्यार्पण किया। इस दौरान नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रविराय सहित कांग्रेस के पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *