झालावाड़ जिले में निजी उर्वरक विक्रेताओं और सहकारी समितियों में यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कृषि विभाग की निगरानी में आधार कार्ड और जमाबंदी के आधार पर किसानों को यूरिया का वितरण कराया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यूरिया की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसान अनावश्यक भंडारण न करें। जिले के लिए यूरिया की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है। चंबल फर्टिलाइजर प्रतिदिन 400-500 मीट्रिक टन यूरिया भेज रहा है। इसके अलावा इफको का 800 मीट्रिक टन यूरिया शनिवार तक समितियों में पहुंच जाएगा। एचयूआरएल कंपनी से भी शनिवार को 252 मीट्रिक टन की आपूर्ति होगी।पिछले 8 दिनों में लगभग 5000 MT यूरिया जिले को प्राप्त हुआ है। खाद वितरण की जिम्मेदारी जिला स्तरीय अधिकारी, सहायक कृषि अधिकारी और कृषि अधिकारी संभाल रहे हैं। अतिरिक्त निदेशक कृषि (वि.) कोटा खंड, अशोक शर्मा ने जिले का भ्रमण कर वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।संयुक्त निदेशक कैलाश चंद मीना ने कहा कि किसानों को बिना बाधा पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा और कंपनियों से मांग के अनुसार सप्लाई निरंतर मिलती रहेगी। वितरण व्यवस्था सहायक निदेशक कृषि राम कुंवर वर्मा, भूपेंद्र सिंह, अंकिता मंत्री और महेंद्र शर्मा के निर्देशन में सुव्यवस्थित रूप से की जा रही है। विभाग ने किसानों से कहा कि वे अनावश्यक स्टॉक न करें और आवश्यकतानुसार ही खरीद करें। खाद खरीदते समय आधार कार्ड और जमाबंदी की प्रति साथ लानी होगी। समस्या होने पर किसान 07432-232345, 232343 पर संपर्क कर सकते हैं।


