अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित होटल सिगनेट में शुक्रवार को एक पुलिस कांस्टेबल दूसरी शादी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। जैसे ही पहली पत्नी और उसके परिजन होटल पहुँचे, कांस्टेबल जयकिशन और जिस युवती से वह शादी कर रहा था, दोनों बाथरूम में छिप गए। सूचना पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों को बाथरूम से बाहर निकालकर पाबंद किया। कोर्ट से पहले ही पाबंद था कांस्टेबल जानकारी के अनुसार विजय मंदिर थाना में तैनात कांस्टेबल जयकिशन को कोर्ट पहले ही पाबंद कर चुका है। इसके बावजूद वह गुपचुप दूसरी शादी करने की कोशिश कर रहा था। पहली पत्नी को जब इसकी भनक लगी तो वह अपने परिवार के साथ होटल पहुँच गई, जहाँ शादी की तैयारी चल रही थी। पहली पत्नी के भाई ने लगाए गंभीर आरोप अंबेडकर नगर निवासी पहली पत्नी अंकिता के भाई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2011 में उनकी बहन अंकिता की शादी जयकिशन से हुई थी। शादी के करीब छह साल बाद वह रामगढ़ में एक अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था। समझाइश के बाद भी अंकिता ने रिश्ता नहीं तोड़ा, लेकिन बाद में कई लड़कियों से उसके अफेयर सामने आते रहे। इसी कारण अंकिता पिछले 8 साल से अपने 12 और 14 साल के बच्चों के साथ पीहर में ही रह रही है। थाने बदलते ही नए अफेयर भूपेंद्र ने कहा कि जयकिशन पहले रेणी थाने में तैनात था, जहां भी उसका एक लड़की से संबंध हो गया था। इसके बाद उसी से वह शुक्रवार को अलवर में होटल में शादी रचा रहा था। पहली पत्नी अंकिता ने बताया कि— हमने कोर्ट से इसे पाबंद करवा रखा है। तलाक हुए बिना दूसरी शादी कर रहा था। कई बार इसे अन्य लड़कियों के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। मजबूर होकर मैं बच्चों के साथ मायके में रहती हूँ। आज भी यह होटल में दूसरी शादी करते पकड़ा गया।” अंकिता ने बताया कि वह कई वर्षों से इसी उम्मीद में मायके में रह रही थीं कि शायद कभी पति अपनी हरकतें छोड़कर सुधर जाए और वह दोबारा अपने बच्चों को लेकर साथ रह सकें। लेकिन जयकिशन के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया, बल्कि उसके अफेयर और नाजायज़ रिश्तों की घटनाएँ लगातार बढ़ती गईं। मैं अपने दोनों बच्चों का पालन-पोषण एक निजी कंपनी में नौकरी करके करती हूँ। यह मासिक खर्चों के लिए एक रुपया भी मदद नहीं करता। फिर भी मैं इंतजार कर रही थी कि शायद सुधर जाए, लेकिन आज होटल में दूसरी शादी करते हुए इसे रंगे हाथों पकड़ना पड़ा।” पुलिस ने मौके पर रुकवाई शादी अरावली विहार थाना पुलिस ने होटल पहुँचकर शादी रुकवा दी और दोनों पक्षों को पाबंद कर दिया। होटल में शादी के लिए बना हुआ खाना भी यूँ ही पड़ा रह गया।


