सीकर के जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। जिले में चल रही मेडिकल डिपार्टमेंट की योजनाओं की प्रोग्रेस को लेकर चर्चा हुई। बाद में जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा भी बैठक में पहुंचे। सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया ने जिला कलेक्टर को योजनाओं की प्रोग्रेस रिपोर्ट दी। सभी अस्पतालों व सब-सेंटर्स पर बायोमैट्रिक मशीन से अटेंडेंस करने, एनपीए (नॉन प्रैक्टिस अलाउंस) लेने वाले डॉक्टर्स की लिस्ट संबंधित अस्पताल में चस्पा होनी जरूरी है। बैठक में जिला कलेक्टर ने विभाग की सभी योजनाओं, कार्यक्रमों व गतिविधियों की समीक्षा करते हुए लाडो योजना के तहत सभी नवप्रसूताओं और बेटियों को लाभ देने के निर्देश दिए। रजिस्ट्रेशन के समय जरूरी कागजात लेने के निर्देश
सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया ने सभी ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों का ओडीके मोबाइल ऐप के माध्यम से निरीक्षण करने, संपर्क पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समय पर निस्तारण करने तथा एएनसी रजिस्ट्रेशन के समय जरूरी कागजात लेने के लिए नर्सिंग कर्मियों को पाबंद के निर्देश दिए। ताकि बेटी के जन्म के समय ही लाभार्थी को योजना की पहली किश्त का भुगतान किया जा सके। 15 दिन में आयुष्मान कार्ड बांटने का काम करने के निर्देश
जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने कहा- लाडो योजना के तहत जिन बालिकाओं का पूरा टीकाकरण हो चुका है। उन्हें दूसरी किश्त भी तुरंत जारी की जानी चाहिए। सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया ने आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत बचे हुए आयुष्मान कार्ड जल्द बांटने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने 15 दिन में आयुष्मान कार्ड बांटने का काम पूरा करने के निर्देश दिए। जन्मजात विकृतियों-बीमारियों से ग्रस्त बच्चों के इलाज व ऑपरेशन की स्थिति की जानकारी दी
जिला प्रजनन व शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने टीकाकरण, प्रसव, 12 सप्ताह पूर्व एएनसी रजिस्ट्रेशन, एएनसी की 3 जांच, संपूर्ण टीकाकरण, आरबीएसके तहत स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की स्क्रीनिंग करने और जन्मजात विकृतियों-बीमारियों से ग्रस्त बच्चों के इलाज व ऑपरेशन की स्थिति की जानकारी दी। बैठक में जिला टीबी ऑफिसर डॉ. रतन लाल ने टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान तथा टीबी उन्मूलन के लिए टीबी की जांच करवाने की बात कही। टीबी रोगियों की जल्द स्क्रीनिंग करें
जिला कलेक्टर ने 15 दिन में ब्लॉकवार टीबी स्क्रीनिंग, निक्षय न्यूट्रीशन किट वितरण, निक्षय आईडी की समीक्षा करते हुए संभावित टीबी रोगियों की जल्द स्क्रीनिंग तथा पॉजीटिव पाए जाने पर इलाज की व्यवस्था कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। बैठक में एसके हॉस्पिटल सुप्रीटेंडेंट डॉ. केके अग्रवाल, जनाना अस्पताल के प्रभारी डॉ. राजेश मीणा सहित बीसीएमओ, पीएमओ व सीएचसी के प्रभारी अधिकारी तथा एनएचएम कार्मिक मौजूद रहे।


