भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी का शुक्रवार को दौसा पहुंचे। यहां जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला के नेतृत्व में साफा बांधकर और माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा- मैं खुद को सबसे पहले एक समर्पित कार्यकर्ता मानता हूं। युवा मोर्चा से लेकर प्रदेश महामंत्री तक का सफर संगठन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही पूरा हुआ है। जिस भी दायित्व की जिम्मेदारी मिली, उसे पूरी निष्ठा से निभाया है। उन्होंने कहा- अब बूथ स्तर से लेकर शक्ति केंद्र तक, हर कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन को और मजबूत बनाने का काम करना है। टीम भावना संगठन की ताकत है। प्रदेश में पार्टी को नई ऊर्जा देने पर फोकस रहेगा। आने वाले समय में पंचायत चुनाव एवं नगर परिषद के चुनाव में पार्टी अपना परचम लहराएगी। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा को विजयी बनाएंगे। मंत्रिमंडल विस्तार पर यह बोले मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर सैनी ने कहा-यह विषय मुख्यमंत्री के क्षेत्राधिकार में आता है। राजनीतिक परिवर्तनों का क्रम सामान्य प्रक्रिया है। सैनी को प्रदेश महामंत्री पद मिलने से जिले के कार्यकर्ताओं और युवा वर्ग में उत्साह का माहौल है। इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी प्रेम हरितवाल, पूर्व पालिका अध्यक्ष सुरेश घोसी, नगर परिषद के पूर्व सभापति राजकुमार जायसवाल, सिकंदर वधावन, बाबूलाल जैमन, नितिन जैन, शहर अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, डीपी सैनी, जिला महामंत्री विपिन जैन, जिला उपाध्यक्ष शिव शर्मा, राजेश तिवारी, सुशील शर्मा, मुरारी धोकरिया आदि मौजूद रहे।


