जैसलमेर एक्सप्रेस नई रेलसेवा की कल से शुरुआत:रेल मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी, GM अमिताभ ने तैयारियों का जायजा लिया

जैसलमेर जिले को राजधानी दिल्ली से सीधी, तेज और नियमित रेल कनेक्टिविटी देने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा “जैसलमेर एक्सप्रेस” नई रेलसेवा शुरू की जा रही है। इस नई सेवा की उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को कल, शनिवार को जैसलमेर स्टेशन से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसी को लेकर रेलवे प्रशासन में जोरदार तैयारियां चल रही हैं। उद्घाटन समारोह से पहले उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार को जैसलमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। टीम ने स्टेशन पर जारी विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और नई रेलसेवा को ध्यान में रखते हुए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। GM अमिताभ ने तैयारियों का जायजा लिया उद्घाटन समारोह से पहले उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार को जैसलमेर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लिफ्ट, एसकेलेटर, एयर कॉनकोर्स, आधुनिक प्रतीक्षालय, पैड वेटिंग रूम तथा यात्री सुविधाओं को उन्नत करने हेतु किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इन सुविधाओं के पूर्ण संचालन में आने के बाद जैसलमेर स्टेशन यात्रियों को और अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। रेलवे के अनुसार इन अपग्रेडेशन कार्यों के बाद जैसलमेर स्टेशन उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख आधुनिक स्टेशनों की श्रेणी में तेजी से शामिल हो रहा है। उद्घाटन स्पेशल: 29 नवंबर को जैसलमेर–दिल्ली (शकूर बस्ती) गाड़ी संख्या 04805 जैसलमेर– शकूरबस्ती उद्घाटन स्पेशल सुबह 11:20 बजे जैसलमेर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे शकूर बस्ती पहुँचेगी।ठहराव— आशापुरा गोमट, रामदेवरा, फलोदी, मारवाड़ लोहावट, ओसियां, जोधपुर, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा, जयपुर, दौसा, अलवर, रेवाड़ी, गुरुग्राम व दिल्ली कैंट। उद्घाटन स्पेशल में कुल 16 डिब्बे रहेंगे—01 फर्स्ट AC, 01 सेकेंड AC, 02 थर्ड AC, 06 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी, 01 पॉवरकार, 01 गार्ड डिब्बा। 1 दिसंबर से प्रतिदिन सुपरफास्ट सेवा उद्घाटन के बाद जैसलमेर एक्सप्रेस का नियमित संचालन इस प्रकार होगा— 1 दिसंबर 2025 से प्रतिदिन शकूर बस्ती (दिल्ली) से 5:10 बजे रवाना — जैसलमेर आगमन 2 दिसंबर सुबह 9:00 बजे। 2 दिसंबर 2025 से प्रतिदिन जैसलमेर से शाम 5 बजे रवाना — शकूर बस्ती आगमन 3 दिसंबर सुबह 9:30 बजे। ट्रेन के ठहराव स्टेशन दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, अलवर, दौसा, जयपुर, फुलेरा, नावा सिटी, कुचामन सिटी, मकराना, डेगाना, मेड़ता रोड, जोधपुर, ओसियां, मारवाड़ लोहावट, फलोदी, रामदेवरा, आशापुरा गोमट। नियमित सेवा में भी 16 कोच होंगे—01 फर्स्ट AC, 01 सेकेंड AC, 02 थर्ड AC, 06 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी, 01 पॉवरकार, 01 गार्ड डिब्बा। ये रहेंगे मौजूद उद्घाटन समारोह में रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विधायक छोटू सिंह, सांसद बाड़मेर उम्मेदाराम बेनीवाल, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। नई “जैसलमेर एक्सप्रेस” के शुरू होने और स्टेशन के उन्नयन कार्यों से जैसलमेर क्षेत्र में रेल सुविधाएं नई ऊंचाई पर पहुंचेगी। पर्यटन, व्यापार और रणनीतिक आवश्यकताओं के लिए यह सेवा अत्यंत लाभदायक मानी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *