स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत चल रहे स्वच्छता पखवाड़े में शुक्रवार को ब्लॉक स्तर पर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में विकास अधिकारी राकेश निनामा ने ग्राम पंचायत फतेहगढ़ और लुपड़ी पहुंचकर विभिन्न स्वच्छता एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फतेहगढ़ और लुपड़ी की फलदार वाटिका में चल रहे वृक्षारोपण कार्य, नर्सरी निर्माण, सामुदायिक शौचालय की स्थिति और कचरा संग्रहण केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। विकास अधिकारी निनामा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक कार्य योजना नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसका गंभीरता से निर्वहन करना आवश्यक है। इस निरीक्षण के दौरान फतेहगढ़ पंचायत के प्रशासक भेरूलाल मीणा, ग्राम विकास अधिकारी रतनलाल मीणा और लुपड़ी पंचायत से ग्राम विकास अधिकारी विदित सिंह राव उपस्थित रहे। विकास अधिकारी निनामा ने दोनों पंचायतों की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले सात दिनों में रिसोर्स रिकवरी सेंटर (RRC), नर्सरी निर्माण और अन्य स्वच्छता कार्य समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।


