कोटपूतली-बहरोड़ जिले में जिला प्रशासन और अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय ने संयुक्त रूप से “आपकी पूंजी आपका अधिकार” अभियान के तहत एक वृहद जिला स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य अन-क्लेमड वित्तीय संपत्तियों और जमाओं के निस्तारण के साथ-साथ जन-जागरूकता बढ़ाना था। जिला मुख्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में जन प्रतिनिधि, भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI), राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, जिले में कार्यरत सभी बैंक, बीमा कंपनियाँ और म्यूचुअल फंड कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यहाँ उपभोक्ताओं को उनके बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, शेयर, डिविडेंड और म्यूचुअल फंड में पड़ी लावारिस राशियों की जानकारी दी गई और दावा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया समझाई गई। लीड जिला बैंक मैनेजर मोहनलाल मीणा ने बताया कि जिले के विभिन्न बैंकों में लगभग 1,17,532 खातों में कुल ₹25.23 करोड़ की राशि पिछले 10 वर्षों से कोई लेन-देन न होने के कारण भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के डिपॉज़िटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस फंड (DEAF) में स्थानांतरित हो चुकी है। यह राशि अभी भी खाताधारकों और उनके आश्रितों द्वारा दावा प्रस्तुत किए जाने पर प्राप्त की जा सकती है। व्यक्ति अपने नजदीकी बैंक में जाकर अन-क्लेमड राशि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और बैंक अधिकारियों से संपर्क कर दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।


