धौलपुर में जयपुर डिस्कॉम ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता (XEN) विवेक शर्मा के नेतृत्व में रात में चलाए गए अभियान के दौरान 21 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इन पर कुल 6 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। डिस्कॉम अधिकारी धौलपुर में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। आमतौर पर दिन में विजिलेंस कार्रवाई की जाती थी, लेकिन कई उपभोक्ता रात के समय बिजली चोरी करते थे। इसी को देखते हुए डिस्कॉम ने अब रात में भी कार्रवाई शुरू की है। XEN विवेक शर्मा खुद रात की पेट्रोलिंग के लिए फील्ड में उतरे और बिजली तंत्र से छेड़छाड़ पर कार्रवाई सुनिश्चित की। यह विजिलेंस कार्रवाई धौलपुर शहर के शिव नगर, बालाजी कॉलोनी, कायस्थ पाड़ा, पुराना शहर, रेलवे स्टेशन नाना का बाड़ा और कैला कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में की गई। कार्रवाई के दौरान पुराने शहर में 50 अवैध जम्पर काटे गए और उनकी बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। XEN शर्मा ने बताया कि डिस्कॉम ‘आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत गैर-उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन देने के लिए अभियान चला रहा है। इसके साथ ही, पुराने कटे हुए बकायेदारों के परिसरों की भी जांच की जा रही है। यदि इन परिसरों में बिजली चालू पाई जाती है, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। डिस्कॉम की बकाया राशि पर कटे कनेक्शनों पर भी पैनी नजर है। बिजली चोरी में पकड़े गए सभी 21 लोगों को 7 दिन का नोटिस जारी किया गया है। XEN शर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में जुर्माना राशि जमा नहीं कराई जाती है, तो संबंधित विद्युत थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।


