मुरैना में जीआरपीएफ पुलिस ने चलती ट्रेनों से यात्रियों के पर्स और बैग से चोरी करने वाले गिरोह को शुक्रवार को पकड़ लिया। इस गिरोह के 6 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने चोरी गए सोने चांदी के जेवर और नकदी सहित कुल पांच लाख दस हजार का माल बरामद किया है। सभी चोर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस अब पूछताछ में जुट गई है। पकड़े गए सभी 6 चोर विभिन्न ट्रेनों में चढ़कर उसमें यात्रा करने वाले यात्रियों को निशाना बनाते थे। पूरा गिरोह मिलकर घटना को अंजाम देता था। इनके निशाने पर वो यात्री रहते थे जिनके पास लगेज अच्छा होता या कोई खुद ही सोने चांदी के जेवर अधिक पहने हैं। यात्रियों के भारी बैग व पर्स चुराकर या उन्हें रात में काट कर जेवर या कीमती समान चोरी किया करते थे। एक दिन पहले भी शिकारपुर फाटक के पास किसी ट्रेन में चढ़कर वारदात की फिराक में थे। जीआरपीएफ थाना प्रभारी अमित शर्मा के अनुसार, आरोपियों में भारत कुमार उम्र 23 साल निवासी मिर्जापुर, रवि कुमार उम्र 32 साल निवासी मिर्जापुर, विनोद महरमई उम्र 40 साल निवासी सलेमपुर, हीरालाल उम्र 20 साल निवासी सदर, रोहितास उम्र 23 साल निवासी सदरराहुल उम्र 40 निवासी सदर शामिल हैं।


