मऊगंज में बुजुर्ग की तालाब में डूबने से मौत:शौच के लिए गए थे, पुलिस ने शुरू की जांच

मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान त्रिभुवन प्रसाद सोनी के रूप में हुई है। यह घटना कनवा तालाब में हुई। मृतक के भतीजे अंकुर सोनी ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े पिता त्रिभुवन प्रसाद सोनी का बचपन से ही मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। उनकी शादी नहीं हुई थी और परिवार ही उनकी देखभाल करता था। वे प्रतिदिन हनुमना बाजार में घूमकर भिक्षा मांगते और भोजन करते थे, हालांकि परिवार उन्हें ऐसा करने से मना करता था। अंकुर सोनी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे त्रिभुवन प्रसाद सोनी हमेशा की तरह शौच के लिए कनवा तालाब की ओर गए थे। लगभग 10 बजे उनके चाचा अमरनाथ सोनी ने फोन पर सूचना दी कि त्रिभुवन प्रसाद तालाब में डूब गए हैं। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने शव को तालाब में तैरते हुए देखा। परिजनों ने शव को बाहर निकालकर हनुमना अस्पताल के चीरघर में रखवाया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल काकडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को तालाब से निकलवाकर अस्पताल भेजा गया, जहां परिजनों द्वारा उसकी पहचान की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह मामला एक हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *