इंदौर के चंदननगर में निर्माणाधीन मकान में झिरी करने के दौरान एक इलेक्ट्रिशियन झुलस गया। उसे उपचार के लिए चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही को लेकर जांच शुरू की है। चंदननगर पुलिस के मुताबिक, घटना 23 नवंबर प्रतापनगर चोइथराम नेत्रालय के पास की है। समीर (19) पुत्र पवन सोलंकी निवासी अरिहंत नगर, सिहांसा में सूरज नाम के व्यक्ति के घर पर मशीन से झिरी करने गया था। इस दौरान तार में कट लगे होने से उसे करंट लग गया और वह झुलस गया। उसे उपचार के लिए ठेकेदार और अन्य साथियों ने अस्पताल भेजा। परिवार के लोगों ने बताया कि समीर को ठेकेदार राजेश ठाकुर अपने साथ लेकर गया था। पिता की एक माह पहले ही हुई थी मौत रिश्तेदारों के मुताबिक, समीर के पिता की एक माह पहले ही मौत हुई थी। 23 नवंबर को इसके लिए जागरण रखा गया था। दिन में बाजार करके समीर घर पहुंचा था। वह अपने बड़े भाई के साथ था। तभी ठेकेदार राजेश ठाकुर आया और कुछ देर का काम कर वापस आने की बात कही। लेकिन वहां हादसा हो गया। परिवार ने ठेकेदार और मकान मालिक पर आरोप लगाया है।


