सिर्फ 6 घंटे लाइट मिलने से किसान संघ का आंदोलन:बैतूल में बोले- मक्का की MSP 2400, लेकिन बिक रही 1200 प्रति क्विंटल

बैतूल में भारतीय किसान संघ तहसील चिचोली के आह्वान पर शुक्रवार 28 नवंबर को तहसील मुख्यालय पर ‘घेरा डालो, डेरा डालो’ किसान सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाया। किसानों ने बताया कि मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है, जबकि खुले बाजार में इसकी बिक्री केवल 1200 से 1600 रुपए प्रति क्विंटल पर हो रही है। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त, डीएपी खाद 1350 रुपए प्रति बोरी और यूरिया 400 रुपए प्रति बोरी तक मिल रही है, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है। किसानों को केवल छह घंटे बिजली आपूर्ति मिल रही है, जिससे रबी फसलों की सिंचाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। किसान संघ ने अपनी मांगों में कहा कि मक्का की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाए। नगद खाद विक्रय केंद्रों को सुचारु रूप से संचालित किया जाए और किसानों को उचित दर पर खाद उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही, बिजली आपूर्ति का दिन का शेड्यूल निर्धारित समय पर दिया जाए। सभा का नेतृत्व भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष संतोष यादव, मंत्री महेश धावले और उपाध्यक्ष शिवदीन सलामे ने किया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *