दौसा के बैंकों में 31 करोड़ रुपए अनक्लेम्ड:120 ग्राहकों को दिए अनक्लेम्ड डिपॉजिट के सर्टिफिकेट; सांसद-विधायक ने सम्बोधित किया

दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा कि वित्तीय संस्थाएं अनक्लेम्ड राशि वाले बैंक खातों से वापस अपना धन पाने के लिए आमजन को जागरूक करें और अधिकतम लोगों को उनकी मेहनत की कमाई लौटाकर लाभान्वित करें। सांसद शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना केन्द्र के सामने लीड बैंक की ओर से ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष पर आयोजित जिला स्तरीय जागरूकता एवं सहायता शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में लाखों खाते कई सालों से निष्क्रिय पड़े हैं और उनमें आमजन के हजारों करोड़ रुपए जमा है। यह अभियान उन लोगों के लिए वरदान है, जिनकी मेहनत की कमाई बैंक खातों में बिना क्लेम किए पड़ी रह गई है। जिले में भी करीब 31 करोड़ रुपए ऐसे अनक्लेम्ड पड़े हुए हैं, जिनका कोई मालिक नहीं है। सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर बैंक शाखा ऐसी अनक्लेम्ड राशि वाले बैंक खातों की सूची चस्पा करें ताकि लोगों को इसका पता लगे और वह अपनी मेहनत से कमाई हुई राशि वापस हासिल कर सकें। विधायक डीसी बैरवा ने किया सम्बोधित दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने कहा कि वित्तीय संस्थाओं ने यह अच्छी पहल की है, ताकि इसके माध्यम से वास्तविक हकदार लोगों को उनकी धनराशि वापस मिल सकेगी। इससे कई परिवारों को आर्थिक संबल मिल सकेगा और बड़ी धन राशि का बाजार में प्रवाह होने से आर्थिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी। इस अवसर पर 120 ग्राहकों को अनक्लेम्ड डिपॉजिट के सर्टिफिकेट दिए गए। साथ ही पांच चैक पीएम एसबीआई और दो चैक पीएम जेबी के लाभार्थियों को प्रदान किए गए। कार्यक्रम में आरबीआई के डीएम विकास अग्रवाल, यूको बैंक के जोनल मैनेजर राजेश कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक गजानंद बसवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविन्द शर्मा, राजीविका से डीपीएम बलदेव सिंह गुर्जर, बीके चौधरी समेत सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक और ग्राहक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *