मंडला। भाजपा जिला कार्यालय में शुक्रवार शाम विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें कार्यकर्ताओं को फर्जी मतदाताओं पर सतर्क रहने और बूथ स्तर पर नाम जोड़ने व हटाने की सही जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डिंडोरी अवधराज बिलैया ने कहा कि एसआईआर का कार्य पार्टी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को फर्जी मतदाताओं पर विशेष सतर्कता बरतने, बूथ स्तर पर नाम जोड़ने या हटाने की स्थिति की सटीक जानकारी एकत्र करने और बीएलओ द्वारा संभावित त्रुटियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने अब तक की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंडला विधानसभा में 88 प्रतिशत, बिछिया में 98 प्रतिशत और निवास विधानसभा में 94 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मिश्रा ने बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने की भी घोषणा की। जिला पंचायत सदस्य संजय कुशराम ने मतदाता सूची की शुद्धता को लोकतंत्र की रीढ़ बताया और बंगाल का उदाहरण देते हुए सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया। पूर्व विधायक देव सिंह सैयाम ने प्रवासी मतदाताओं के नाम सुनिश्चित रूप से जोड़ने पर बल दिया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं एसआईआर प्रभारी जयदत्त झा ने किया। आभार नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने व्यक्त किया। इस बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


