खरगोन के गोगावां क्षेत्र में शुक्रवार को एक फर्जी व्यापारी को गिरफ्तार किया गया है। उस पर किसान से कपास खरीदने के बहाने धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के पास से 9 लाख रुपए मूल्य के दो वाहन और 1.75 लाख रुपए का 21 क्विंटल 80 किलो कपास जब्त किया है। आरोपी ने किसान को लगभग 100 किलोमीटर तक अपनी कार में घुमाया। उसने तौल के बाद भुगतान करने का वादा किया था, लेकिन अंततः देशगांव में किसान को छोड़कर फरार हो गया। यह मामला बेहरामपुर गांव का है। यहां के किसान जगदीश ने 15 नवंबर को गोगावां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि तीन-चार दिन पहले खरगोन के भावसार मोहल्ला निवासी ऋषि शर्मा नाम के व्यक्ति ने उनसे 8000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से कपास खरीदा था। आरोपी एक पिकअप वाहन और एक टेम्पो लेकर आया था। उसने 22 से 24 क्विंटल कपास भरा और बमनाला में तौल के बाद पैसे देने की बात कही। इसके बाद वह किसान को अपनी कार में टेमरना, घुघरियाखेड़ी और भीकनगांव जैसे स्थानों पर घुमाता रहा। उसने कहा कि कपास की गाड़ियां महाराष्ट्र जा रही हैं और वहीं भुगतान किया जाएगा। देशगांव में आरोपी ने पेशाब करने के बहाने गाड़ी रोकी। जैसे ही किसान नीचे उतरा, आरोपी कार लेकर भाग गया। गोगावां टीआई मंसाराम रोमडे ने बताया कि धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मुखबिरों और क्षेत्र के कारोबारियों से जानकारी जुटाने पर आरोपी की पहचान एजाज उर्फ अरबाज पिता अय्यूब निवासी कानापुर (वर्तमान में भंडारी कॉलोनी, गोगावां) के रूप में हुई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में पिकअप और टेम्पो किराए पर लेकर कपास खरीदने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर सनावद जीनिंग से 21.80 क्विंटल कपास और दोनों वाहन जब्त किए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर गोगावां थाने में दो और खरगोन कोतवाली में एक अन्य मामला भी दर्ज है।


