मध्यप्रदेश ने राष्ट्रीय मलखंब स्पर्धा जीती:69वीं शालेय प्रतियोगिता का समापन, महाराष्ट्र उपविजेता

69वीं राष्ट्रीय शालेय मलखंब प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश ने बालिका वर्ग की 14, 17 और 19 वर्ष की श्रेणियों के साथ-साथ बालक वर्ग की 19 वर्ष की श्रेणी में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग की 14 और 17 वर्ष की श्रेणियों में मध्यप्रदेश दूसरे स्थान पर रहा। महाराष्ट्र ने बालक वर्ग की 14 और 17 वर्ष की श्रेणियों में पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग की 14 वर्ष की श्रेणी में वह दूसरे स्थान पर रहा। तमिलनाडु ने बालिका वर्ग की 17 वर्ष और बालक वर्ग की 19 वर्ष की श्रेणियों में दूसरा स्थान प्राप्त किया। ओवरऑल चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश विजेता बना, वहीं महाराष्ट्र उपविजेता रहा। लोकमान्य तिलक विद्यालय में आयोजित इस राष्ट्रीय शालेय मलखंब प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि खेलकूद में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन यदि पराजित विद्यार्थी दृढ़ संकल्प कर लें तो उन्हें सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने राष्ट्रीय स्पर्धा में सहभागिता को विद्यार्थियों के लिए सौभाग्य की बात बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर मुकेश टटवाल ने विद्यार्थियों से खिलाड़ी भावना का परिचय देते हुए अपने राज्य का नाम गौरवान्वित करने और आगामी वर्ष में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर देवड़ा और उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर सोलंकी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। कार्यक्रम में डीईओ आनंद शर्मा, सहायक संचालक महेंद्र खत्री, एडीपीसी गिरीश तिवारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी पीएल शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। आलोक इंटरनेशनल स्कूल और संत मीरा कॉन्वेंट स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। समापन पर परंपरानुसार खेल ध्वजावतरण किया गया और अतिथियों द्वारा ध्वज संगठन सचिव को सौंपा गया। विभिन्न प्रदेशों के मैनेजर्स को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जिसके बाद अतिथियों ने प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र व्यास ने किया और आभार गिरीश तिवारी ने व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *