नेशनल कंट्रोल ऑफ ब्लाइंडनेस प्रोग्राम के तहत शुक्रवार को लालकोठी में 40 लोगों का मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया। यह निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण जिला अंधता निवारण समिति और एसआरके ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुए। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुभूति शर्मा और डॉ. नीलम मीणा के निर्देशन में इन ऑपरेशनों को अंजाम दिया गया। लेंस प्रत्यारोपण के बाद मरीजों को चश्मा दिया गया और आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए। डॉ. शर्मा ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से हर महीने के चौथे सप्ताह में ऐसे निशुल्क ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इन ऑपरेशनों का पूरा खर्च संस्थान और समिति वहन करती है। मरीजों को घर से लाने और ऑपरेशन के बाद वापस घर छोड़ने की सुविधा भी प्रदान की जाती है। मरीजों का चयन आर्थिक स्थिति के आधार पर किया जाता है। डॉ. अनुभूति ने बताया कि ऐसे सामाजिक कार्यों से पूरी टीम का मनोबल बढ़ता है। निशुल्क ऑपरेशन की टीम में चिकित्सकों के अलावा ऑप्थोमीट्रिस्ट मीना सैनी, सीनियर ऑप्थो. मनोज ओझा और तकनीकी स्टाफ के सदस्य अरविंद शर्मा, प्रियंका तथा इंद्रजीत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


