मऊगंज में कड़ाके की ठंड, अलाव की व्यवस्था नहीं:नगर प्रशासन ने 1 दिसंबर से व्यवस्था शुरू करने का आश्वासन दिया

नईगढ़ी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नवंबर का अंतिम सप्ताह होने के बावजूद सुबह-शाम शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। नगर प्रशासन द्वारा अभी तक सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है, जबकि यह नगर निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी मानी जाती है। मुख्य बाजार, ब्लॉक चौराहा, हॉस्पिटल परिसर और सब्जी मंडी जैसे व्यस्त स्थानों पर गरीब, असहाय, बुजुर्ग और यात्रियों को सबसे ज्यादा मुश्किल हो रही है। ठंड से बचने के लिए लोग सड़कों पर कागज और पॉलिथीन जलाकर किसी तरह राहत पाने को मजबूर हैं। भास्कर रिपोर्टर ने शुक्रवार शाम 8:30 बजे नईगढ़ी नगर के चौराहों का दौरा किया। इस दौरान देखा गया कि बाजार क्षेत्र में आने वाले ग्रामीण और मुसाफिर चाय-पान की दुकानों की भट्टियों के आसपास बैठकर गर्माहट ले रहे थे। बाइक और साइकिल से यात्रा करने वालों के लिए यह ठंड और भी चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है। विशेषकर बुजुर्गों और रोजमर्रा के काम से बाहर निकलने वाले मजदूर वर्ग को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अलाव जलवाने की मांग स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तुरंत अलाव जलवाने की मांग की है। उनका कहना है कि तापमान लगातार गिर रहा है और प्रशासन की निष्क्रियता स्थिति को और गंभीर बना रही है। शीतलहर जैसे हालात के बीच, नईगढ़ी के लोग प्रशासन से जल्द से जल्द अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की उम्मीद कर रहे हैं। एक दिसंबर से व्यवस्था करेगा नपा इस संबंध में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा द्विवेदी ने बताया कि 1 दिसंबर से नगर के प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *