कपूरथला के सब-डिवीजन सुलतानपुर लोधी में देर रात करीब दो बजे कोहरे का प्रकोप देखने को मिला। कोहरे के चलते विजिबिलटी कम होने के कारण डल्ला रोड पर सब्जी से भरा एक ट्रक अचानक पलट गया। हालांकि इस घटना में ड्राइवर बाल-बाल बच गया है। ट्रक पलटने से ट्रक में लदी हुई सब्जियां सड़क पर बिखर गई। वहीं ट्रक ड्राइवर ने सुबह अन्य वाहन में उक्त सब्जियों को लादकर मलेरकोटला तक पहुंचाया जा रहा है। ट्रक ड्राइवर मोहम्मद कानीत निवासी मलेरकोटला ने बताया कि वह अपने ट्रक नंबर PB13-AR-6107 में सब्जियां लाद कर सुल्तानपुर लोधी से मलेरकोटला जा रहा था। रात में ज्यादा धुंध होने के कारण लगभग 2 बजे साइड से आ रहे एक अन्य वाहन को बचाने के चक्कर में उसका ट्रक पलट गया। ट्रक के पलटने से सभी सब्जियां बिखर गई। हालांकि हादसे में उसने बड़ी मुश्किल से बाहर निकल कर अपने आप को बचाया है। ट्रक ड्राइवर ने यह भी बताया कि सुबह उसने एक अन्य वाहन का इंतजाम कर सब्जी मलेरकोटला मंडी तक पहुंचा रहा है। बता दें कि नए साल के पहले दिन से प्रदेश में गहरी धुंध का प्रकोप जारी है। कई क्षेत्रों में तो विजिबिलटी जीरो है।


