राजगढ़ में केंद्रीय विद्यालय को शहर से बाहर ले जाने के विरोध में एक आम सभा का आयोजन किया गया। गोल मार्केट पर हुई इस सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि केंद्रीय विद्यालय हर हाल में राजगढ़ में ही खोला जाना चाहिए। सभा में यह भी तय किया गया कि इस मुद्दे को लेकर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से एक प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। राजगढ़ आवाज मंच ने इस समस्या के समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने बताया कि इससे पहले भी राजगढ़ के नाम से स्वीकृत आईटीआई, बस डिपो और कृषि महाविद्यालय जैसी कई सुविधाएं राजनीतिक कारणों से शहर से बाहर चली गई थीं। केंद्रीय विद्यालय को बाहर ले जाना राजगढ़ के अधिकारों पर कुठाराघात बताया गया। राजगढ़ आवाज मंच की ओर से मुकेश जैमन ने सभा में अब तक की प्रगति की जानकारी दी। इस आम सभा की मुख्य विशेषता यह रही कि विकास के मुद्दे पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी समाजों, वर्गों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने एकजुटता दिखाई। सभा को भूपेंद्र शर्मा, मुरारी लाल शास्त्री, सुरेंद्र माथुर, नगर पालिका अध्यक्ष सतीश दुहारिया, सर्वेश सैनी, खेम सिंह आर्य, पदमा गोयल, व्यापार संघ के बसंत गुप्ता, अमर सिंह वर्मा, राजेंद्र जैन सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरचंद सिद्ध और सुरेंद्र माथुर ने की। इस अवसर पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।


