लीखवा शराब ठेका फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार:मुख्य बदमाश फरार, पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया

पिलानी पुलिस ने लीखवा गांव में शराब ठेके पर हुई फायरिंग के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस वारदात के मुख्य आरोपी अक्षय शर्मा उर्फ अक्षय पंडित और सचिन मेघवाल अभी भी फरार हैं। पुलिस ने इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। थानाधिकारी चंद्रभान चौधरी ने बताया कि यह घटना 21 नवंबर को लीखवा स्थित मिंटू सिंह राजपूत के शराब ठेके पर हुई थी। मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने दो पिस्तौल से 6 राउंड फायर किए। फायरिंग से पहले, बदमाशों ने सेल्समैन चैन सिंह को एक पर्ची दी थी, जिसमें 1 लाख रुपये मासिक रंगदारी या ठेके में हिस्सेदारी की मांग की गई थी। यह वारदात शाम 7:30 बजे हुई, उस समय सेल्समैन चैन सिंह और योगेश कुम्हार ठेके पर मौजूद थे। सेल्समैन की शिकायत पर लीखवा निवासी सचिन उर्फ कालू मेघवाल और एक अन्य युवक के खिलाफ फायरिंग का मामला दर्ज किया गया था। साइबर सेल और AGTF ने की 10 टीमें गठित घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने FSL और मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट को मौके पर बुलाया। बदमाशों को पकड़ने के लिए जिले के थानों, साइबर सेल और AGTF की कुल 10 टीमें गठित की गईं। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और पूरे जिले में नाकाबंदी भी की। जांच के दौरान, पुलिस ने गहन पूछताछ के बाद नरहड़ निवासी हिमांशु जाट और इस्माईलपुर निवासी पंकज उर्फ टोनी रावणा राजपूत को गिरफ्तार किया है। हरियाणा में भी वांटेड है मुख्य आरोपी इस मामले के मुख्य आरोपी रोहतक के फ़रमाना निवासी अक्षय शर्मा उर्फ अक्षय पंडित और पिलानी के लीखवा निवासी सचिन मेघवाल अभी भी फरार हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अक्षय पंडित हरियाणा में भी शराब ठेकों पर फायरिंग और रंगदारी के कई मामलों में वांछित है। वह फरारी के दौरान पिलानी और आसपास के इलाकों में लड़कों का गिरोह बनाकर ठेकों से रंगदारी वसूलने की योजना बना रहा था। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बदमाशों को शरण देने या किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी सहायता प्रदान करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *